BareillyCrimeLatestUttar Pradesh

पुलिस-बदमाश मुठभेड़ में चार गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली; 60 हजार रुपये व अवैध तमंचे बरामद

बरेली । थाना भोजीपुरा क्षेत्र में देर रात पुलिस और वांछित बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस के दो जवान भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से नकदी, अवैध हथियार और एक संदिग्ध पिकअप वाहन बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार 16 फरवरी की रात करीब 1:40 बजे भोजीपुरा पुलिस ग्राम मसीत महेशपुर शिवसिंह मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिया, जिसकी नंबर प्लेट कपड़े से ढकी हुई थी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेजी से भागने लगा। पीछा करने पर वाहन नहर किनारे एक पेड़ से टकरा गया। इसके बाद वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई फायरिंग में उपनिरीक्षक रुक्मेश सिंह और कांस्टेबल संजय सागर घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अकरम अली और आसिफ के पैर में गोली लगी। वहीं मौके से साहिल और शाहिद को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60 हजार रुपये नकद, दो अवैध .315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखे और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार चारों आरोपी धौराटांडा डकैती कांड में वांछित चल रहे थे। इसके अलावा अकरम अली और आसिफ का नाम जनपद हरदोई में हुई एक अन्य डकैती की घटना में भी सामने आया है। मुठभेड़ में घायल सभी व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में देर रात हुई इस मुठभेड़ से सनसनी फैल गई, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए कहा है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

About Author

error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker