झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही का आरोप, ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, अस्पताल में हंगामा

बरेली। बहेड़ी नगर के बाईपास स्थित यूनिसन हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में अभी तक परिजनों की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
जानकारी के अनुसार बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरिया रंजीत निवासी 33 वर्षीय गीता पत्नी राजपाल को बच्चेदानी में गांठ की शिकायत थी। परिजन इलाज के लिए उन्हें यूनिसन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने ऑपरेशन की सलाह दी। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि स्थिति गंभीर होने के बावजूद समय पर समुचित उपचार नहीं किया गया।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि महिला की हालत बिगड़ने के बाद संबंधित डॉक्टर ऑपरेशन थिएटर से निकलकर अस्पताल से चला गया। जब कुछ देर बाद महिला की मौत की जानकारी मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने डॉक्टर को झोलाछाप बताते हुए लापरवाही से इलाज करने का आरोप लगाया और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। कोतवाल पवन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
घटना के बाद अस्पताल संचालक और संबंधित डॉक्टर के अस्पताल में मौजूद न होने की बात सामने आई है। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से अवैध रूप से संचालित अस्पतालों की जांच कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की