10 फरवरी से बरेली में हज यात्रियों के लिए टीकाकरण व प्रशिक्षण शिविर शुरू

बरेली। हज 2026 के लिए चयनित आजमीन ए हज की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए जिले में टीकाकरण, मेडिकल स्क्रीनिंग और प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार पहला शिविर 10 फरवरी मंगलवार को सुबह 9 बजे से खलील हायर सेकेंडरी स्कूल, निकट बिहारीपुर पुलिस चौकी, बरेली में आयोजित होगा। इस शिविर में जिलेभर के हज यात्री टीकाकरण और आवश्यक चिकित्सीय औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी इन्द्रसेन सरोज ने बताया कि चयनित हज यात्रियों की स्क्रीनिंग, मेडिकल एग्जामिनेशन और वेक्सीनेशन की प्रक्रिया निर्धारित तिथियों पर पूरी की जाएगी। बरेली हज सेवा समिति के संस्थापक पम्मी खां वारसी के अनुसार इस वर्ष बरेली जिले से कुल 695 हज यात्रियों का टीकाकरण किया जाना है। उन्होंने सभी आजमीन से समय पर पहुंचकर प्रक्रिया पूर्ण कराने की अपील की है, ताकि आगे की यात्रा संबंधी तैयारियों में कोई बाधा न आए।
हज यात्रियों को निर्देशित किया गया है कि वे मेडिकल स्क्रीनिंग व फिटनेस प्रमाणपत्र की छायाप्रति, एक पासपोर्ट साइज फोटो तथा अपना हज कवर नंबर साथ लेकर शिविर स्थल पर पहुंचे। महिला हज यात्रियों से विशेष रूप से अनुरोध किया गया है कि वे टीकाकरण के समय किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए ढीली आस्तीन वाले कपड़े पहनकर आएं। बहेड़ी और आसपास के क्षेत्रों के आजमीन भी 10 फरवरी को खलील स्कूल में आयोजित शिविर में टीकाकरण करवा सकते हैं।
डीएमओ कार्यालय के कनिष्ठ सहायक राशिद हुसैन ने जानकारी दी कि खलील स्कूल के अतिरिक्त जिले में अन्य स्थानों पर भी शिविर लगाए जाएंगे। 11 फरवरी को कलीम मंसूरी बिल्डिंग, निकट आला हजरत सर्जिकल एंड ट्रॉमा सेंटर, पीलीभीत बाईपास रोड पर शिविर आयोजित होगा। 12 फरवरी को मास्टर बन्ने खान इंटर कॉलेज, निकट केजीएन मस्जिद, ठिरिया निजावत खां में तथा 16 फरवरी को मदरसा मंजरे इस्लाम सौदागरान, बरेली में शिविर लगाए जाएंगे।
इन शिविरों में हज यात्रियों को मुकम्मल हज प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि पवित्र यात्रा के दौरान अरकान की अदायगी सुचारु और सहज रूप से की जा सके। प्रशासन ने सभी चयनित यात्रियों से निर्धारित तिथियों पर उपस्थित होकर प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है



