मुठभेड़ में महिला से लूट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, एक को गोली लगी; सिपाही भी घायल

बरेली। थाना देवरनियां क्षेत्र में 18 जनवरी को महिला से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरक्षी भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचे, कारतूस, अवैध चाकू, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूट के आभूषण व नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 18 जनवरी 2026 को रनवीर सिंह पुत्र राजेन्द्र कुमार निवासी ग्राम गदइया थाना मिलक जनपद रामपुर, हाल निवासी किसान सहकारी चीनी मिल सेमीखेड़ा, बरेली ने तहरीर दी थी कि नायरा पेट्रोल पंप, ग्राम सेमीखेड़ा के पास स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनकी पत्नी से पर्स लूट लिया। पर्स में मोबाइल फोन, छह हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण थे। इस संबंध में थाना देवरनियां में मुकदमा दर्ज किया गया था।
7 फरवरी को थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट में शामिल आरोपी ग्राम इटौआ की ओर किसी वारदात की फिराक में आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य को जंगल के पास से दबोच लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरक्षी पवन बंसल भी घायल हुए।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे .315 बोर, चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, एक अवैध चाकू, स्पलेंडर मोटरसाइकिल तथा लूट के शत-प्रतिशत आभूषण बरामद किए। बरामदगी में सोने की चेन, कंठी, एक जोड़ी झुमके, दो अंगूठियां, मंगलसूत्र, चांदी की पाजेब और 5,600 रुपये नकद शामिल हैं। इसके अलावा थाना भोजीपुरा क्षेत्र में 1 फरवरी को दंपत्ति से लूटे गए मोबाइल और नकदी की भी बरामदगी हुई है।
घायल बदमाश और घायल आरक्षी को उपचार के लिए सीएचसी बहेड़ी भेजा गया है। फील्ड यूनिट ने मौके पर साक्ष्य संकलन किया। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी समेत कई उपनिरीक्षक व पुलिसकर्मी शामिल रहे।



