जनपद स्तरीय 40वीं खेलकूद प्रतियोगिता में दिखा बच्चों का जोश, विभिन्न ब्लॉकों ने जीते खिताब

बरेली। डोरी लाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनपद स्तरीय 40वीं खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक वर्ग के ब्लॉक स्तर पर विजेता छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी देवयानी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने खिलाड़ियों को एकता, निष्पक्षता और खेल भावना की शपथ दिलाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व विकास का सशक्त साधन है।

प्राथमिक वर्ग की प्रतियोगिताओं में बालक वर्ग कबड्डी में आलमपुर ने प्रथम तथा क्यारा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में नवाबगंज प्रथम और फतेहगंज द्वितीय रहा। वॉलीबॉल बालक वर्ग में क्यारा प्रथम तथा दमखोदा द्वितीय स्थान पर रहा। बालिका वर्ग खो-खो में आलमपुर ने पहला और फरीदपुर ने दूसरा स्थान हासिल किया। लंबी कूद में फरीदपुर के प्रियांशु प्रथम तथा अर्चित द्वितीय रहे। बालिका वर्ग लंबी कूद में आलमपुर की अर्चना ने प्रथम और मझगवा की देवकी ने द्वितीय स्थान पाया। पीटी एवं व्यायाम में नवाबगंज प्रथम तथा क्यारा द्वितीय रहा।
उच्च प्राथमिक वर्ग में लंबी कूद में मझगवा के कमल सिंह प्रथम और भोजीपुरा के उम्र द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में भोजीपुरा की अवंतिका प्रथम और फरीदपुर की हिमाशी द्वितीय स्थान पर रहीं। चक्का फेंक में भुता के अनिकेत ने प्रथम तथा आलमपुर के राजबाबू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में शेरगढ़ की लता प्रथम और रामनगर की लक्ष्मी द्वितीय रहीं। गोला फेंक में आलमपुर के अर्जुन प्रथम और फरीदपुर के सूरज द्वितीय रहे, जबकि बालिका वर्ग में आलमपुर की उषा ने प्रथम तथा शेरगढ़ की लता ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
रैली संयोजक मुकेश कुमार भारती ने प्रतिभागियों से खेलों में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में विभिन्न ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षकगण, व्यायाम शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ।



