BareillyLatestPoliticsUttar Pradesh

“बजट कागज़ी आंकड़ेबाज़ी, भविष्य के खोखले सपने जैसा” : चौधरी असलम मियां

बरेली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव चौधरी असलम मियां ने प्रदेश सरकार द्वारा पेश किए गए बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “कागज़ी आंकड़ेबाज़ी और भविष्य के खोखले सपनों का दस्तावेज” बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट हमेशा की तरह झूठी घोषणाओं का पुलिंदा साबित होगा, जिसमें जनता की वास्तविक समस्याओं के समाधान का कोई ठोस खाका नहीं है।

चौधरी असलम मियां ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोज़गारी लगातार बढ़ रही है और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार ने इन ज्वलंत मुद्दों पर कोई स्पष्ट और प्रभावी रोडमैप प्रस्तुत नहीं किया। उन्होंने कहा कि किसानों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों और गरीब वर्ग की परेशानियों को बजट में गंभीरता से नहीं लिया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार हर साल बड़े-बड़े आंकड़ों और योजनाओं की घोषणाएं करती है, लेकिन ज़मीनी हकीकत यह है कि पिछली कई घोषणाएं अब तक धरातल पर नहीं उतर सकीं। बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास जैसे अहम क्षेत्रों को केवल औपचारिकता के तौर पर शामिल किया गया है, जबकि इन क्षेत्रों में व्यापक सुधार की आवश्यकता है।

कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि यह बजट जनहित की बजाय सत्ता बचाने और प्रचार-प्रसार पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि सरकार आत्मप्रशंसा में व्यस्त है, जबकि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोज़गारी और बदहाल व्यवस्था से जूझ रही है।

चौधरी असलम मियां ने कहा कि प्रदेश की जनता अब खोखले वादों और भ्रमित करने वाली घोषणाओं को समझ चुकी है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज़ बनकर इस बजट का हर स्तर पर विरोध करेगी और सड़क से लेकर सदन तक सरकार की नीतियों और नाकामियों को उजागर करती रहेगी।

About Author

Related Articles

error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker