BareillyCrimeLatestUttar Pradesh

प्रेम विवाह से नाराज़ पक्ष का हमला, हथियारों के साथ घर में घुसकर दी जान से मारने की धमकी

बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के ग्राम कलारी में प्रेम विवाह को लेकर तनाव बढ़ गया है। युवती के परिजनों पर आरोप है कि वे विवाह से नाराज़ होकर युवक के परिवार को लगातार धमका रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत कर सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम कलारी निवासी शिवम कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके भाई सतीश कुमार ने गांव की ही युवती रोशनी मौर्य से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से ही युवती के परिजन इस रिश्ते से नाराज़ चल रहे हैं और परिवार को तरह-तरह से प्रताड़ित कर रहे हैं। आरोप है कि आए दिन गाली-गलौज कर डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है, जिससे परिवार दहशत में है।

शिकायत के अनुसार 17 फरवरी की सुबह करीब आठ बजे कई लोग लाठी-डंडे, धारदार हथियार और तमंचे लेकर उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर में हंगामा किया, परिवार के सदस्यों को मारपीट कर गांव छोड़ने की धमकी दी। विरोध करने पर जान से मारने की चेतावनी भी दी गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी भविष्य में अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।

पीड़ित परिवार का कहना है कि गांव में उनकी आबादी कम होने के कारण वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनका आरोप है कि लगातार मिल रही धमकियों से परिवार में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

About Author

error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker