BareillyCrimeLatestUttar Pradesh

मंदिर से पीतल की घंटियां चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पांचों घंटियां बरामद

बरेली। थाना आंवला पुलिस ने मंदिर से पीतल की घंटियां चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई पांचों छोटी पीतल की घंटियां भी बरामद कर ली हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार 6 जनवरी को ग्राम किशनपुर स्थित ठाकुर महाराज जी के मंदिर से अज्ञात चोर द्वारा पीतल की पांच छोटी घंटियां चोरी कर ली गई थीं। घटना के बाद मंदिर के पुजारी उमेशचंद्र पारासरी ने थाना आंवला में तहरीर देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की थी। मंदिर में हुई चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त था और धार्मिक स्थल की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे थे।

अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आंवला पुलिस सक्रिय थी। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में वांछित आरोपी ग्राम मनौना स्थित मजार के पास मौजूद है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियुक्त अतुल पुत्र रोहताश निवासी ग्राम मनौना, थाना आंवला को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से मंदिर से चोरी की गई पांचों पीतल की छोटी घंटियां बरामद की गईं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी सहित अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक चन्दकीराम, उप निरीक्षक मोहम्मद इशहाक तथा हेड कांस्टेबल सत्यवीर सिंह शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

About Author

Related Articles

error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker