तमंचे से फायर कर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

बरेली। थाना सीबीगंज पुलिस ने अवैध असलाह और कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। आरोपी धीरेन्द्र उर्फ धीरा (32 वर्ष) पर आरोप है कि वह शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए घर के बाहर तमंचे से फायर कर मोहल्ले में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सराय तल्फी निवासी जीवन सिंह ने पुलिस को तहरीर दी कि रात्रि करीब 11:30 बजे वह दावत से लौटकर अपने घर का दरवाजा खुलवाने के लिए बच्चों को आवाज दे रहे थे। इसी दौरान गांव का ही धीरेन्द्र वहां पहुंचा और शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगा। इस दौरान उसने तमंचे से भी फायर किया, जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर तत्काल डायल 112 और थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। वादी की तहरीर और बरामदगी के आधार पर दिनांक 12 फरवरी को आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, हेड कांस्टेबल यशवीर सिंह और कांस्टेबल ललित कुमार शामिल थे।



