BareillyCrimeLatestUttar Pradesh

दुष्कर्म व रंगदारी के आरोपी की गिरफ्तारी, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

बरेली। थाना कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और रंगदारी के गंभीर आरोपों में नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी पर युवती को प्रेमजाल में फंसाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने, अश्लील फोटो-वीडियो तैयार कर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, वादी की तहरीर पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्त विपिन कुमार उर्फ सुमित कटारिया पुत्र वीर सिंह, निवासी आदर्श नगर, थाना नजीबाबाद, जनपद बिजनौर ने वादी की पुत्री को मीठी बातों में उलझाकर बरेली जंक्शन स्थित एक होटल में बुलाया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

तहरीर में यह भी आरोप है कि 9 अगस्त 2022 और 9 जनवरी 2023 को आरोपी ने पुनः उसी होटल में बुलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए और 35 हजार रुपये की रंगदारी वसूली। इसके बाद 7 सितंबर 2025 को पुराना रोडवेज स्थित एक अन्य होटल में बुलाकर फिर से जबरन संबंध बनाने और एक लाख रुपये की मांग करने का आरोप है। रकम न देने पर अश्लील सामग्री वायरल करने की धमकी दी गई।

पुलिस ने बताया कि 7 फरवरी को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त को चौपला चौराहे के पास बदायूं ओवरब्रिज की सर्विस रोड से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने आईटीआई की पढ़ाई करने तथा वर्तमान में कानपुर में ठेकेदारी का कार्य करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवम कुमार और हेड कांस्टेबल विष्णु शामिल रहे। मामले में आगे की जांच जारी है।

About Author

Related Articles

error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker