टैम्पो चालक पर जेवर और नगदी चोरी का आरोप, हंगामे के बाद पुलिस जांच में जुटी

बरेली। थाना कोतवाली क्षेत्र में कचहरी के पास एक महिला ने टैम्पो चालक पर जेवर और नगदी चोरी करने का आरोप लगाया। घटना के बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम डूबरा नवीनगर थाना कैंट निवासी नीरज पत्नी गुड्डू शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे खरसेनी कन्नौजिया इंटर कॉलेज से टेम्पो नंबर यूपी जीटी 4337 से अपने गांव नवीनगर जाने के लिए बैठीं। महिला का आरोप है कि उनके पर्स में आधा तोला की सोने की नथनी, सोने की बेसर, करीब 250 रुपये का चांदी का गुच्छा और 500 रुपये नगद रखे थे।
महिला के अनुसार रास्ते में फतेहगंज से कुछ अन्य सवारियां बैठीं, जो कचहरी बरेली पर उतर गईं। आरोप है कि उनसे किराया नहीं लिया गया। जब नीरज कचहरी पर उतरीं और किराया देने के लिए पर्स खोला तो उसमें रखे जेवर और 500 रुपये गायब थे। महिला ने तुरंत टैम्पो चालक पर चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि वह उसके टेम्पो में बैठकर आई हैं, इसलिए जेवर गायब होने की जिम्मेदारी उसी की है।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और झड़प हो गई। हंगामा बढ़ता देख चालक वहां से चला गया। महिला ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को बुलाकर पूछताछ की। चालक ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि महिला के पर्स में कोई जेवर या नगदी नहीं थी और उस पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है।
पुलिस ने महिला की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।