BareillyCrimeLatestUttar Pradesh

फतेहगंज पश्चिमी में स्मैक का सौदागर फिर सलाखों के पीछे, 53 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार

बरेली। नशे के कारोबार से बाज न आने वाले मुबारिक को एक बार फिर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस ने 14 फरवरी 2026 को उसे 53 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दबोचा और एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर थाना फतेहगंज पश्चिमी टीम हाईवे से रुकमपुर की ओर जाने वाले पुराने रास्ते पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे मुबारिक पुत्र असफाक (33) निवासी मोहल्ला सुबालेनगर नवदिया, थाना किला, जिला बरेली को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 53 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर उसे गिरफ्तार कर तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया गया।

मुबारिक का आपराधिक इतिहास उसके लगातार अपराध की राह पर बने रहने की गवाही देता है। वर्ष 2012 में मारपीट के मामले में नामजद हुआ, फिर जुआ और सट्टे के आरोपों में कार्रवाई झेली। वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना बारादरी से भी जेल जा चुका है। इसके बावजूद उसने सबक नहीं लिया और दोबारा स्मैक तस्करी में लिप्त पाया गया।

पूछताछ में मुबारिक ने बताया कि वह चलते-फिरते ट्रक चालकों से स्मैक खरीदता था और फिर उसे महंगे दामों में अन्य ट्रक चालकों को बेच देता था। इसी अवैध धंधे से वह अपना और अपने परिवार का खर्च चलाता था। पुलिस का मानना है कि वह नशे की छोटी लेकिन सक्रिय कड़ी के रूप में काम कर रहा था, जो हाईवे रूट को सुरक्षित समझकर धंधा संचालित करता था। उससे मिली कुछ गोपनीय जानकारियों के आधार पर पुलिस गहन छानबीन कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई को अहम सफलता माना जा रहा है। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने 14 फरवरी को ही उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों के लिए यह स्पष्ट संदेश है कि कानून की पकड़ से बचना आसान नहीं है।

About Author

error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker