बरेली में “मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा” का ऐलान, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

बरेली। जिला कांग्रेस कमेटी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी, बरेली के संयुक्त तत्वावधान में “मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा” के आयोजन की घोषणा की गई है। पार्टी पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि यह पदयात्रा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के समर्थन और गांधीजी के सम्मान के मुद्दे को लेकर निकाली जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर महात्मा गांधी के योगदान को कमतर आंकने का आरोप लगाया और इसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान बताया।
पार्टी प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पदयात्रा ग्राम करेली स्थित जनसेवा अस्पताल से दोपहर 2 बजे प्रारंभ होगी। यह यात्रा जागृति विहार, बी.डी.ए. कॉलोनी, बाला श्री धाम सर्वोदय नगर, पटेल विहार, गंगा नगर, विश्वनाथपुरम, अनुपम नगर, 84 घंटा मंदिर, सुभाष नगर मोड़ से होकर बरेली जंक्शन, कचहरी और डीएम आवास मार्ग से गुजरते हुए दामोदर पार्क स्थित चौकी चौराहा पर महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल पर समाप्त होगी। कांग्रेस नेताओं के अनुसार पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ता आमजन से संवाद करेंगे और मनरेगा से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता फैलाएंगे।

पदयात्रा के पर्यवेक्षक ओमकार सिंह ने प्रेस वार्ता में कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार का महात्मा गांधी के प्रति रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना था कि जिन स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजादी दिलाई, उनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां ऐतिहासिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही हैं।
जिलाध्यक्ष असफाक सक्लेनी ने कहा कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाया जाना देशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कदम है। उन्होंने दावा किया कि जनता इस मुद्दे पर सरकार को जवाब देगी। वहीं महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि महात्मा गांधी का योगदान वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त है और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गांधीजी के आदर्शों और मनरेगा जैसी जनहितकारी योजनाओं की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
प्रेस वार्ता में सुबोध जोहरी, पूनम दीप एडवोकेट, कमरुद्दीन सैफी, रमेश श्रीवास्तव, साहिब सिंह, मोबिन अंसारी, उल्फत सिंह कठेरिया, महेंद्र गंगवार, विनोद कुमार, जितेंद्र कुमार, रेहान बसेरी, जाहिद और जगदीश शरण नारायण सिंह गंगवार सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पार्टी पदाधिकारियों ने पदयात्रा में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की



