छात्राओं से फीस लेकर प्रवेश-पत्र न देने वाला प्रधानाचार्य गिरफ्तार

बरेली। थाना भुता पुलिस ने छात्राओं से परीक्षा शुल्क लेकर प्रवेश-पत्र न देने और धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 18 फरवरी को एक महिला ने थाने में तहरीर देकर शिकायत की कि ग्राम ककरा कला निवासी कमलेश कुमार पुत्र शोभाराम ने कक्षा 10 और 12 की छात्राओं से फीस लेने के बावजूद उनका पंजीकरण नहीं कराया और परीक्षा के प्रवेश-पत्र नहीं दिए। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौच कर धक्का देकर छात्राओं को स्कूल से बाहर निकाल दिया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 19 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर भुता पुलिस की टीम ने अहिरौला चौराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कमलेश कुमार ने स्वयं को गंगापुर डबौरा स्थित विद्यालय का प्रधानाचार्य बताते हुए स्वीकार किया कि उसने छात्राओं से फीस ली थी, लेकिन उनका पंजीकरण नहीं कराया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय ने उचित आदेश दिए।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसी किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी और धमकी के मामलों में शिकायतकर्ता तुरंत थाने संपर्क करें। आरोपी के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच अभी जारी है।
इस घटना ने क्षेत्र में शिक्षा संस्थानों की विश्वसनीयता और छात्रों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।