बरेली में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: महिला से लूट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, एक घायल; हथियार व लूटा माल बरामद

बरेली । देवरनियां थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। 18 जनवरी को महिला से पर्स लूट की घटना में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरक्षी भी घायल हुआ है। मौके से अवैध हथियार, लूटा गया आभूषण, नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 18 जनवरी 2026 को नायरा पेट्रोल पंप, ग्राम सेमीखेड़ा के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने तमंचे के बल पर एक महिला से पर्स लूट लिया था। पर्स में मोबाइल फोन, नकदी और सोने के आभूषण थे। घटना के संबंध में देवरनियां थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी बीच 1 फरवरी को भोजीपुरा क्षेत्र में भी एक दंपत्ति से लूट की घटना सामने आई, जिसकी जांच भी जारी थी।
7 फरवरी को थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी पुलिस टीम के साथ इटौवा और गिरधरपुर के बीच वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटनाओं में शामिल आरोपी क्षेत्र में किसी वारदात की फिराक में हैं। पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने जंगल की ओर भागते हुए फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में कपिल पुत्र हेमराज के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी अनिल पुत्र सालिगराम और सनी पुत्र सुरेंद्र को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा, एक अवैध चाकू, महिला से लूटा गया पूरा आभूषण, 5600 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में भोजीपुरा क्षेत्र से लूटे गए मोबाइल फोन और 3100 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी और आरक्षी पवन बंसल को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया, जहां से दोनों को आगे मेडिकल रेफर कर दिया गया।
18 जनवरी और 1 फरवरी को देवरनियां व भोजीपुरा थाना क्षेत्रों में दंपत्तियों को निशाना बनाकर लूट की घटनाएं हुई थीं। दोनों मामलों में तत्काल मुकदमा दर्ज कर टीमों का गठन किया गया था। उन्होंने कहा कि 7 फरवरी को चेकिंग के दौरान आरोपियों को इंटरसेप्ट किया गया, जिन्होंने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ और तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी दोनों घटनाओं से संबंधित है और आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
अरुण कुमार सिंह सीओ बहेड़ी
तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य संभावित वारदातों और आपराधिक संबंधों की पड़ताल में जुटी है।




