BareillyCrimeLatestUttar Pradesh

पुलिस ने ढाबे में चल रहे देह व्यापार के गिरोह का किया भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार

बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर स्थित अपना ढाबा में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान ढाबा संचालक सहित 3 महिलाओं और 3 पुरुषों को गिरफ्तार किया, जबकि ढाबा मालिक फरार बताया जा रहा है।

सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हाईवे शिवम आशुतोष सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाईवे स्थित अपना ढाबा के कमरों में अनैतिक देह व्यापार चल रहा है, जिसमें ढाबा संचालक और मालिक की संलिप्तता है। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 6 फरवरी को दबिश दी।

छापेमारी में पुलिस ने जिस्मफरोशी में लिप्त 3 महिलाओं, 3 ग्राहकों और ढाबा संचालक कुंवरपाल यादव को दबोचा। मौके से एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, 7 मोबाइल फोन, 2200 रुपये नकद, कॉस्मेटिक सामान और उपयोग किए गए व नए निरोध बरामद किए गए।

गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना भोजीपुरा में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पूछताछ में अभियुक्तों ने ढाबे के कमरों में सहमति से अवैध गतिविधि संचालित करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार ढाबा मालिक गजेन्द्र सिंह, निवासी रामगंगा बिहार, बरेली, अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। छापेमारी में महिला पुलिसकर्मियों सहित पर्याप्त बल तैनात रहा।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें ताकि ऐसे गिरोहों की समय रहते पहचान और कार्रवाई हो सके।

About Author

Related Articles

error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker