सरस्वती विहार कॉलोनी में प्रस्तावित मोबाइल टावर का विरोध, डीएम कार्यालय में सौंपा ज्ञापन

बरेली। वार्ड संख्या 17 स्थित सरस्वती विहार कॉलोनी के निवासियों ने आवासीय क्षेत्र में प्रस्तावित मोबाइल टावर स्थापना का विरोध तेज कर दिया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे और एसीएम द्वितीय को शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा पूरे प्रकरण की विधिक जांच कराने की मांग की।
शिकायतकर्ताओं में रजनीश कुमार, कुसुम लता, मुकेश पाल सिंह, राकेश चंद, चंद्रप्रकाश, बाबूराम समेत अन्य निवासी शामिल रहे। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिस भूखंड पर मोबाइल टावर लगाया जा रहा है, वह मूल रूप से आवासीय उपयोग के लिए खरीदा गया था। अब उसी प्लॉट पर व्यावसायिक उद्देश्य से टावर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जो नियमानुसार गलत है। उनका आरोप है कि बिना भूमि उपयोग परिवर्तन और सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के इस प्रकार का निर्माण कराया जाना मास्टर प्लान तथा स्थानीय निकाय के प्रावधानों का उल्लंघन प्रतीत होता है।
निवासियों ने यह भी बताया कि कॉलोनी में पहले से ही लगभग 100 मीटर के दायरे में एक मोबाइल टावर मौजूद है। ऐसे में दूसरा टावर लगाए जाने से स्वास्थ्य संबंधी आशंकाएं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा तथा भवनों की संरचनात्मक मजबूती को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। उनका कहना है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में एक के बाद एक टावर खड़े किए जाने से लोगों में भय का माहौल है।

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि प्रस्तावित मोबाइल टावर की स्थापना पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए, भूमि उपयोग परिवर्तन एवं स्वीकृतियों की विधिक जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न होने दिया जाए। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे आगे भी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
शिकायत करने वालों में आकाश कुमारी, राजेश गंगवार, राजेश पटेल (पार्षद प्रतिनिधि), राजेंद्र पाल सिंह, ममता गुप्ता, उमेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच का आश्वासन दिया गया है।