10 लीटर कच्ची शराब सहित एक गिरफ्तार, फतेहगंज पूर्वी पुलिस की कार्रवाई

बरेली। थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण अपनी टीम के साथ गश्त और संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोहल्ला गिहार बस्ती में एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची शराब बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की। वहां अभियुक्त दीपू के मकान के पास बने स्नानघर में उसे शराब बनाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
तलाशी लेने पर मौके से 10 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब 20-22 वर्षों से गिहार बस्ती में रह रहा है और परिवार के भरण-पोषण के लिए अवैध शराब बेचने का काम करता है। उसके पांच बच्चे हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण, हेड कांस्टेबल पवन कुमार, हेड कांस्टेबल रोहित सिंह, कांस्टेबल सत्यवीर और कांस्टेबल आकाश शामिल रहे।



