दबंगई की भेंट चढ़ा नाबालिग समीर, मामूली विवाद में चाकू से गोदकर हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

बरेली। थाना हाफिजगंज क्षेत्र के रिठौरा कस्बे में दबंगई और नशे के खौफनाक खेल ने एक नाबालिग की जिंदगी छीन ली। मामूली कहासुनी में नशे में धुत चार युवकों ने 16 वर्षीय समीर अहमद की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली वारदात से पूरे कस्बे में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मृतक समीर अहमद (16) पुत्र शरीफ अहमद, निवासी रिठौरा कस्बा, 30 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे मोटरसाइकिल से घर का सामान लेने दुकान गया था। सामान लेकर वापस लौटते समय रास्ते में आरिफ, जाकिर, आयान और करन ने उसे रोक लिया। आरोप है कि मोटरसाइकिल ठीक से न चलाने की बात को लेकर पहले गाली-गलौज शुरू की गई और जब समीर ने इसका विरोध किया तो चारों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर समीर के पेट पर जानलेवा वार कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल समीर को परिजन आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले गए। हालत बेहद नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। इलाज के लिए ले जाते समय 1 फरवरी को रास्ते में ही समीर ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पिता शरीफ अहमद की तहरीर पर थाना हाफिजगंज पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना में प्रयुक्त चाकू समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद रिठौरा कस्बे में तनाव और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है, जिससे युवा पीढ़ी अपराध की ओर धकेली जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नशे के कारोबार पर सख्ती की जाती, तो शायद एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी। सूत्रों के अनुसार कस्बे में कुछ लोग सुल्फा, गांजा जैसे नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



