डेयरी किसानों को हटाने के विरोध में डीएम को सौंपा ज्ञापन

बरेली। भोजीपुरा टोल कर्मियों द्वारा हवाई अड्डा गेट के पास संचालित दुग्ध डेयरियों को हटाने की कार्रवाई के विरोध में किसान एकता संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा कर्मचारी अतिक्रमण के नाम पर आए दिन जेसीबी लेकर पहुंच जाते हैं और डेयरियां हटाने का दबाव बनाते हैं।
डॉ. रवि नागर का कहना है कि डेयरी संचालकों की भैंसे सड़क से दूर गड्ढे में बंधी रहती हैं, जिससे यातायात बाधित नहीं होता। इसके बावजूद 7 फरवरी को कर्मचारियों ने जबरन खुदाई का प्रयास किया। किसानों ने आरोप लगाया कि सड़क किनारे अन्य दुकानों और ठेलों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती, जबकि गरीब डेयरी किसानों को ही निशाना बनाया जा रहा है।
किसानों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई पर रोक लगाने और आजीविका बचाने की मांग की है।