BareillyCrimeLatestUttar Pradesh

नकाबपोश बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर पीटा, सौर ऊर्जा की केबिल काटकर फरार

बरेली। थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव सिंघाई कायस्थान में रविवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए पानी की टंकी पर तैनात चौकीदार को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और सौर ऊर्जा की केबिल काटकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार गांव सिंघाई कायस्थान निवासी हरीश कुमार गांव में बनी पानी की टंकी पर चौकीदारी का कार्य करते हैं। हरीश कुमार ने बताया कि रविवार रात करीब दो बजे किसी ने दरवाजा खटखटाया और खुद को कंपनी का कर्मचारी बताते हुए दरवाजा खोलने को कहा। भरोसा कर जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, तीन नकाबपोश बदमाश जबरन अंदर घुस आए। बदमाशों ने आते ही पहले सौर ऊर्जा की केबिल काट दी, जिससे आसपास अंधेरा छा गया और टंकी परिसर की बिजली व्यवस्था बाधित हो गई।

इसके बाद बदमाशों ने कमरे में रखे सामान की चाबी मांगी। चाबी देने से इनकार करने पर उन्होंने हरीश कुमार को रस्सियों से बांधकर बंधक बना लिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। बदमाश लगातार चाबी देने का दबाव बनाते रहे, लेकिन चौकीदार ने सामान की सुरक्षा को देखते हुए चाबी नहीं सौंपी। कुछ देर तक मारपीट करने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

सुबह होने पर हरीश कुमार ने किसी तरह आवाज लगाई। गली से गुजर रहे ग्रामीणों ने उनकी आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर उन्हें बंधनमुक्त कराया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चौकीदार को थाने ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो ऐसी घटनाएं दोबारा भी हो सकती हैं।

About Author

Related Articles

error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker