रमज़ान में एहतराम बरतें, दिन में होटल बंद रखें और लाउडस्पीकर का सीमित उपयोग करें: मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी

बरेली। पवित्र माह रमज़ान के मद्देनज़र आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने देशवासियों को मुबारकबाद देते हुए आपसी सौहार्द और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस्लाम धर्म में रमज़ान का महीना अत्यंत पवित्र माना गया है और इस दौरान मुसलमानों पर 30 रोज़े रखने, तरावीह की नमाज़ अदा करने तथा कुरआन शरीफ़ की तिलावत का विशेष महत्व है। उनका कहना है कि इस महीने में की गई एक नेकी का सवाब कई गुना बढ़ा दिया जाता है, इसलिए सभी को पूरी श्रद्धा और एहतराम के साथ इबादत करनी चाहिए।
मौलाना ने विशेष रूप से उन लोगों से अपील की जो खाने-पीने और चाय आदि का कारोबार करते हैं कि वे दिन के समय अपने प्रतिष्ठान बंद रखें और इफ्तार के समय से देर रात तक व्यवस्थाएं संचालित करें। उन्होंने कहा कि कुछ मुस्लिम बहुल इलाकों में दिन में होटल और ढाबे खुले रहने से रोज़े की पवित्रता प्रभावित होती है। रमज़ान साल में एक बार आता है, ऐसे में इसकी गरिमा और पवित्रता बनाए रखना हर मुसलमान की जिम्मेदारी है।
उन्होंने मस्जिदों के इमामों से भी आग्रह किया कि सहरी के समय केवल आवश्यक एलान करें और लाउडस्पीकर का सीमित उपयोग करें। मौलाना ने कहा कि वर्तमान समय में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसका ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने अनावश्यक रूप से लंबे समय तक धार्मिक ऑडियो या कैसेट चलाने से बचने की सलाह दी, ताकि अन्य समुदायों की भावनाओं और जरूरतों का सम्मान बना रहे।
मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने सरकार, नगर निगम और टाउन एरिया प्रशासन से भी अपील की कि रमज़ान के दौरान सफाई, बिजली और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि रोज़ेदारों को इफ्तार और सहरी के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्थानीय प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से भाईचारा, संयम और आपसी सम्मान के साथ रमज़ान मनाने की अपील की।