अपहरण व अवैध धर्म परिवर्तन मामले में क्योलड़िया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी रेहान गिरफ्तार

बरेली। बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और कानून व्यवस्था को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही बरेली पुलिस को एक और अहम सफलता हाथ लगी है। थाना क्योलड़िया क्षेत्र में किशोरी के अपहरण और अवैध धर्म परिवर्तन के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस ने मामले में बड़ी कड़ी जोड़ दी है।
पुलिस के अनुसार 5 जनवरी 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना क्योलड़िया में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को कस्बा क्योलड़िया निवासी रेहान पुत्र फिदा हुसैन ने अपने भाई रिजवान और बब्बू की मदद से बहला-फुसलाकर घर से ले गया है। इस शिकायत के आधार पर थाना क्योलड़िया में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में किशोरी की सकुशल बरामदगी और उसके बयान के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता के साथ-साथ अवैध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया और उसे अजमेर शरीफ ले जाने की योजना तैयार की थी। इसी दौरान ट्रेन में चेकिंग के समय जीआरपी ने सतर्कता दिखाते हुए किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया था। इसके बाद से ही पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 8 जनवरी को डैम चौराहे से 21 वर्षीय आरोपी रेहान को दबोच लिया। आरोपी जयपुर में प्लंबर का काम करता था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक वेद सिंह, उप निरीक्षक देशराज सिंह, अरिमर्दन सिंह सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।



