AccidentLatestRaebareliUttar Pradesh

रायबरेली में एक्सप्रेसवे हादसा: 4 लड़कियों की मौत, कई घायल

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रही लोगों को कुचल दिया, जिसमें चार युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा 8 फरवरी की देर रात जगतपुर थाना क्षेत्र के चूली गांव के पास हुआ।

पुलिस के अनुसार, सभी लड़कियां भंडारे का प्रसाद लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में हिमांशी (23) और शालिनी (22) की मौके पर मौत हो गई, जबकि रश्मी (14) और आसमा (22) अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ गईं। घायलों में रिया पटेल (14), प्रिया पटेल (12), साधना (9), मीना (22) और रेशमा (14) शामिल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद घायलों का हाल जाना। SP रवि कुमार ने बताया कि यह दुर्घटना निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे पर तेज गति से कार चलाने के कारण हुई।

रायबरेली के सीओ अरुण कुमार ने कहा कि चार युवतियों की मौत हो चुकी है और घायलों का इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे अभी पूरी तरह से यातायात के लिए खोला नहीं गया है, लेकिन आसपास के ग्रामीण इसे अपने वाहन चलाने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे सुरक्षा खतरे बढ़ जाते हैं।

गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबा और छह लेन का होगा। यह परियोजना राज्य के प्रमुख परिवहन नेटवर्क का हिस्सा है और 12 जिलों से होकर गुजरेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे पर पैदल चलने या तेज वाहन चलाने से बचें।

हादसे ने इलाके में शोक और चिंता की स्थिति पैदा कर दी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि घायलों का इलाज प्राथमिकता पर होगा और भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी।

About Author

Related Articles

error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker