BareillyLatestPoliticsUttar Pradesh

संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का हर सिपाही तैयार, विपक्ष को दबाने के लिए चल रहा बुलडोजर: अजय राय

बरेली। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर बरेली पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और केंद्र सरकार पर संविधान को कमजोर करने तथा विपक्ष को दबाने के आरोप लगाए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने देश को जो संविधान दिया, उसी के मार्ग पर आज देश चल रहा है, लेकिन मौजूदा सरकार संविधान को तोड़ने और बदलने का प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

अजय राय ने कहा कि आज कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता, हर सिपाही संविधान की रक्षा के लिए पूरी तरह से कटिबद्ध है। जरूरत पड़ी तो इसके लिए प्राणों की आहुति देने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने देश में संविधान की रक्षा की जो लड़ाई शुरू की है, वह आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगी और देश का हर नागरिक इस संघर्ष के साथ खड़ा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बुलडोजर केवल विपक्ष और सरकार की आलोचना करने वालों पर चलाया जा रहा है। जो लोग सरकार के समर्थक, फाइनेंसर या साझेदार हैं, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने बनारस के कथित जहरीली कफ सीरप कांड का उदाहरण देते हुए कहा कि इसमें भाजपा से जुड़े कई लोग शामिल हैं, फिर भी उनके खिलाफ बुलडोजर नहीं चलता। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों की मौत के जिम्मेदार लोग खुलेआम घूम रहे हैं और सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है।

अजय राय ने कहा कि ऐसे बयान और घटनाएं केवल जनता का ध्यान भटकाने के लिए कराई जाती हैं। असल मुद्दे महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था हैं, जिन पर सरकार जवाब देने से बच रही है। इंडिगो एयरलाइंस के संचालन में आई अव्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की नाकामी का आलम यह है कि लोग अपने शादी के रिसेप्शन में भी वर्चुअल माध्यम से शामिल हो रहे हैं, जो बेहद शर्मनाक है।

साथ ही उन्होंने एसआईआर की प्रक्रिया पर समय बढ़ाने को नाकाफी बताते हुए कहा कि यह एक लंबी प्रक्रिया है, जिसमें बीएलओ पर भारी दबाव डाला जा रहा है और कई कर्मचारियों की मौत तक हो चुकी है। उन्होंने मांग की कि मृत बीएलओ के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को तत्काल सरकारी नौकरी दी जाए। अजय राय ने कहा कि आज सरकारी नौकरी गर्व नहीं बल्कि अभिशाप बनती जा रही है, जिसकी जिम्मेदार मौजूदा सरकार है।

About Author

error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker