
बरेली कॉलेज को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने की मांग तेज, प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
बरेली। बरेली कॉलेज को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने और अस्थायी कर्मचारियों के प्रतिष्ठानों से जुड़ी मांगों को लेकर कर्मचारी कल्याण सेवा समिति (रजि.) ने आंदोलन का संकेत दिया है। समिति के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी कार्यालय में उप जिला अधिकारी सदर को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि बरेली कॉलेज ऐतिहासिक और शैक्षिक दृष्टि से महत्वपूर्ण संस्थान है, इसलिए इसे केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाना क्षेत्र के छात्रों के हित में होगा।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि लंबे समय से कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों के प्रतिष्ठानों का मुद्दा लंबित है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगें जनहित और शिक्षा व्यवस्था की मजबूती से जुड़ी हैं, इसलिए केंद्र सरकार को इस पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
समिति के अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने बताया कि अगले महीने एक विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें शहर के समाजसेवी संगठनों और बुद्धिजीवियों को आमंत्रित कर इस मुद्दे पर व्यापक चर्चा की जाएगी। वहीं समिति के सचिव हरीश मौर्य ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने को मजबूर होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद बरेली के अस्थायी कर्मचारी हरिशंकर, रामौतार, अमित शर्मा, सुनील समेत कई लोग मौजूद रहे।