एमआर टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए पार्षदों की बैठक, 4.84 लाख बच्चों का लक्ष्य

बरेली। जनपद में पांच से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को मीजल्स-रूबेला (एमआर) संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए फरवरी माह में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम सभागार में पार्षदों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने वार्डों में जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए उप सभापति सर्वेश ने कहा कि मीजल्स और रूबेला जैसी संक्रामक बीमारियों से बच्चों को बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्षदों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में अभिभावकों को जागरूक कर शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से ही अभियान को पूर्ण सफलता मिल सकेगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि कक्षा एक से पांच तक अध्ययनरत पांच से 10 वर्ष आयु वर्ग के कुल 4,84,679 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में संचालित किया जाएगा।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में जनपद में मीजल्स के 14 और रूबेला के 3 मामले सामने आए थे, जबकि इस वर्ष अब तक मीजल्स के 4 और रूबेला का 1 मामला चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों से बचाव के टीके लगाए जाते हैं, जिनमें मीजल्स और रूबेला भी शामिल हैं। यह संक्रमण खांसने, छींकने और संपर्क से तेजी से फैलता है, जबकि एमआर टीका एक ही डोज में दोनों बीमारियों से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है।
बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भानु प्रकाश, डॉ. अजमेर सिंह, डॉ. नैन सिंह, डॉ. पी.वी. कौशिक, एसएमओ डब्ल्यूएचओ इरशाद हसन खान, डीएमसी यूनिसेफ रजनी त्यागी, पीओ जेएसआई डीसी शमीम खान, नुरुल निशा सहित लगभग 55 पार्षद एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



