फरीदपुर में रिश्वतखोर पेशकार रंगे हाथ गिरफ्तार, भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की बड़ी कार्रवाई

बरेली। शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार पर नकेल कसने की दिशा में भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मंडल की टीम ने गुरुवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने चकबंदी अधिकारी कार्यालय फरीदपुर में तैनात कनिष्ठ सहायक (पेशकार) रजत चौधरी को 15,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पदारथपुर, थाना फरीदपुर निवासी शिकायतकर्ता मोहम्मद आदिल पुत्र समीर खां ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली को दी गई शिकायत में आरोप लगाया था कि फरीदपुर चकबंदी कार्यालय में तैनात पेशकार रजत चौधरी ने उसे दान में प्राप्त भूमि की दाखिल-खारिज प्रक्रिया पूरी करने के बदले 15,000 रुपए की रिश्वत की मांग की है। शिकायत के सत्यापन के बाद संगठन की टीम ने नियमानुसार ट्रैप की योजना बनाई।
खबर मे क्या क्या
आज दिनांक 06 नवम्बर 2025 को अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुख्यालय लखनऊ के निर्देशानुसार कार्रवाई को अंजाम दिया गया। टीम ने निर्धारित योजना के तहत फरीदपुर चकबंदी कार्यालय में आरोपी रजत चौधरी को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए दोपहर लगभग 1:15 बजे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से बरामद रकम को विधिवत सील कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप टीम ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करते हुए थाना कोतवाली बरेली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की इस कार्रवाई से सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है। संगठन के अधिकारियों का कहना है कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रदेश में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



