BareillyCrimeLatestUttar Pradesh

अधिवक्ता की हत्या के विरोध में बरेली बार एसोसिएशन का प्रदर्शन, सीएम को संबोधित सौंपा ज्ञापन

बरेली। जिला रामपुर में अधिवक्ता मरहूम फारूक अहमद खां की दिनदहाड़े हुई निर्मम हत्या के विरोध में गुरुवार को बरेली बार एसोसिएशन ने जोरदार प्रदर्शन किया। अध्यक्ष मनोज हरित एडवोकेट और सचिव दीपक पांडेय एडवोकेट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

अध्यक्ष मनोज हरित ने बताया कि 11 फरवरी को दोपहर करीब 1:15 बजे रामपुर में अधिवक्ता फारूक अहमद खां की हत्या कर दी गई। इस घटना से प्रदेश भर के अधिवक्ताओं में आक्रोश और भय का माहौल व्याप्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार अधिवक्ताओं पर हमले और हत्याओं की घटनाएं सामने आ रही हैं, जबकि सरकार भयमुक्त प्रदेश का दावा करती है। अधिवक्ताओं की सुरक्षा लंबे समय से एक गंभीर मुद्दा बनी हुई है, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

बार एसोसिएशन ने ज्ञापन के माध्यम से मृतक अधिवक्ता के आश्रितों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। साथ ही प्रदेश में एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग उठाई गई, ताकि अधिवक्ताओं को समुचित सुरक्षा मिल सके और वे निर्भीक होकर अपना विधि व्यवसाय कर सकें।

अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कैलाश चंद्र गुप्ता, जय पाल सिंह, हुलासी राम गंगवार, रजत मोहन, राहुल सक्सेना, रोहित पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

About Author

Related Articles

error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker