बारादरी पुलिस और एएनटीएफ ने 19 लाख की अफीम के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार

बरेली। थाना बारादरी पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) बरेली की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला एक शातिर अभियुक्त गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 752 ग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 19 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही एक मल्टीमीडिया मोबाइल फोन और 2,000 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर रात में पीलीभीत बाईपास डोहरा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान अली हसन पुत्र अली अहमद, निवासी एजाज नगर, गौटिया कादरी मस्जिद के पास, थाना बारादरी को गिरफ्तार किया गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह आठवीं पास है और शादीशुदा है। उसके तीन छोटे बच्चे हैं। अभियुक्त ने कहा कि वह पहले कुवैत में ड्राइविंग का काम करता था और हाल ही में भारत लौटा है। उसने खुलासा किया कि उसका छोटा भाई जीशान एनडीपीएस एक्ट के तहत झारखंड के डाल्टनगंज जेल में बंद है। जेल में उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई थी, जिससे उसने अफीम खरीदी थी। अफीम बेचने के दौरान ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के मोबाइल नंबरों और कॉल रिकॉर्ड के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में रिमांड हेतु पेश किया गया।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय पाण्डेय, एएनटीएफ टीम, उपनिरीक्षक कुशलपाल सिंह, हेड कांस्टेबल फहीम चौधरी और कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई अवैध मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ सतत अभियान का हिस्सा है और जिले में नशे की रोकथाम के लिए कड़ा कदम उठाया जा रहा है।



