AccidentBareillyLatestUttar Pradesh

शादी से लौट रही कार को अज्ञात वाहन की टक्कर, 18 वर्षीय युवक की मौत, तीन घायल

बरेली। थाना शेरगढ़ क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों का माहौल मातम में बदल दिया। शादी समारोह से लौट रही एक कार को सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

मृतक के परिजन

मृतक की पहचान जिला उधम सिंह नगर के थाना पुलभट्टा क्षेत्र के गांव बरी-बरा निवासी राजकुमार पुत्र रमेश के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राजकुमार अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने शेरगढ़ आया था। सोमवार सुबह वह कार से बच्चों को लेकर अपनी चचेरी बहन को उसके ससुराल ग्राम नगरिया छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान शेरगढ़ क्षेत्र में रास्ते में सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में राजकुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कार में सवार रजत समेत दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना शेरगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बताया जाता है कि राजकुमार तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। घर का सबसे छोटा बेटा होने के कारण वह परिवार का बेहद लाड़ला था। अचानक हुई इस दुर्घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी वाहन की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About Author

Related Articles

error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker