अदनान मियाँ ने शुरू की ‘आरएसी सहरी सर्विस’, अस्पतालों में तीमारदारों को मिलेगा सहरी पैकेट

बरेली। रमज़ान शरीफ़ के पवित्र महीने में रोज़ेदारों की सहूलियत के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। ऑल इंडिया रज़ा एक्शन कमेटी और आरएसी ट्रस्ट की ओर से अस्पतालों में भर्ती मरीज़ों के साथ ठहरे तीमारदारों के लिए “आरएसी सहरी सर्विस” शुरू की गई है। इस सेवा के तहत वॉलन्टीयर सहरी के समय अस्पतालों में पहुंचकर रोज़ा रखने वाले तीमारदारों को सहरी पैकेट वितरित करेंगे।
इस पहल की शुरुआत नबीरा-ए-आला हज़रत और ऑल इंडिया रज़ा एक्शन कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अदनान रज़ा क़ादरी के निर्देशन में की गई है। उन्होंने कहा कि अक्सर अस्पतालों में मरीज़ों के साथ रहने वाले तीमारदारों को सहरी के समय खाने-पीने की व्यवस्था नहीं मिल पाती। कई लोग मजबूरी में सिर्फ पानी पीकर रोज़ा रख लेते हैं, जिससे उन्हें शारीरिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए “आरएसी सहरी सर्विस” की शुरुआत की गई है, ताकि कोई भी रोज़ेदार खाली पेट रोज़ा रखने को मजबूर न हो।
मौलाना अदनान रज़ा क़ादरी ने बताया कि कमेटी के वॉलन्टीयर अलग-अलग अस्पतालों में जाकर सहरी पैकेट वितरित करेंगे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से अपील की है कि इस सेवा को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग प्रदान करें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाई जा सके।
स्थानीय स्तर पर इस पहल की सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि रमज़ान में इस तरह की सामाजिक और मानवीय सेवा से समाज में भाईचारे और सहयोग की भावना मजबूत होती है। आरएसी सहरी सर्विस के जरिए जरूरतमंद तीमारदारों को राहत मिलने की उम्मीद है।