बरेली में एम्स की स्थापना को लेकर आम आदमी पार्टी का धरना, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में एम्स की स्थापना की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसीएम द्वितीय को सौंपा गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि बरेली और आसपास के जिलों की बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की सख्त जरूरत है, लेकिन सरकार की उदासीनता के कारण अब तक एम्स की स्थापना नहीं हो सकी है।
धरना कार्यक्रम का नेतृत्व दिल्ली से आए विधायक सुरेंद्र चौधरी, तिरंगा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष जनक प्रसाद तथा डॉ. पी.पी. सिंह यादव ने किया। नेताओं ने कहा कि यदि प्रशासन बरेली में एम्स के लिए जमीन उपलब्ध नहीं करा पा रहा है तो आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता स्वयं उपयुक्त भूमि तलाशने में सहयोग करेंगे। उनका कहना था कि स्वास्थ्य सुविधाएं हर नागरिक का अधिकार हैं और इसके लिए सरकार को गंभीर पहल करनी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने बरेली विकास प्राधिकरण पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण किसानों से कम कीमत पर जमीन लेकर डोरा रोड क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेच रहा है, जिससे आम लोगों की पहुंच से जमीन दूर होती जा रही है। पार्टी नेताओं का कहना था कि जब निजी परियोजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध हो सकती है तो फिर एम्स जैसे महत्वपूर्ण संस्थान के लिए भूमि की कमी का बहाना समझ से परे है।
जनक प्रसाद ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि गरीब जनता के इलाज के लिए जब जमीन देने की बात आती है तो प्रशासन जमीन उपलब्ध न होने का हवाला देता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2021 से प्रस्तावित क्रिटिकल केयर सेंटर को जमीन न मिलने के कारण लखनऊ स्थानांतरित कर दिया गया, जो बरेली की जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो पार्टी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
धरना प्रदर्शन में राम सिंह मौर्य, नितिन शर्मा, राजेश सिंह, कृष्णा भारद्वाज, आशिक अली, नरेश गुप्ता, सफदर हुसैन, बसंत चौहान, पुष्पा देवी, गीता, साने आलम सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने चेतावनी दी कि बरेली में एम्स की स्थापना को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।