बरेली में कैंटर की टक्कर से नर्सिंग कोर्स कर चुकी महिला की मौत, आरोपी वाहन चालक फरार

बरेली । बारादरी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय मीना कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना ईसाइयों की पुलिया के पास सुबह लगभग 10:30 बजे की बताई जा रही है, जहां एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
मीना कुमारी पत्नी चंद्रपाल मूल रूप से थाना आंवला क्षेत्र के गांव कंदरपुर की रहने वाली थीं। उनकी ससुराल थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव महुआ में है। बताया जा रहा है कि वैवाहिक विवाद के चलते वह पिछले करीब 12 वर्षों से पति से अलग रह रही थी। वर्तमान में वह थाना कैंट क्षेत्र के नकटिया पावर हाउस के पास किराए के मकान में रहती थीं। परिजनों के अनुसार पति से विवाद के कारण उन्हें कोई आर्थिक सहयोग नहीं मिल रहा था, जिसके चलते वह स्वयं मेहनत कर अपना जीवन यापन कर रही थीं।
मीना कुमारी ने नर्सिंग का कोर्स किया हुआ था और किसी अस्पताल में नौकरी की तलाश में थीं। गुरुवार सुबह भी वह स्कूटी से इसी सिलसिले में जा रही थीं, तभी यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।