BareillyLatestReligionUttar Pradesh

रामलीला ग्राउंड में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन, एकता और सामाजिक समरसता पर जोर

बरेली। चौधरी तालाब स्थित रामलीला ग्राउंड में बाबा अलखनाथ हिंदू सम्मेलन समिति द्वारा विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अलखनाथ मंदिर के महंत कालू गिरी महाराज ने भारत माता एवं प्रभु राम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। सम्मेलन में कार्यक्रम अध्यक्ष संजीव अग्रवाल, मुख्य वक्ता बौद्धिक प्रांत प्रमुख नरेंद्र प्रबुद्ध तथा दिनेश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत श्री सिद्ध बाबा सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। प्रीति पाराशरी ने ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर कुटुंब प्रबंधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक शिष्टाचार और स्वबोध पर विस्तार से विचार रखे। तरूश तिवारी ने शिव तांडव स्तोत्र की प्रस्तुति दी, वहीं किला छावनी परशुराम बाल शाखा और श्री सनातन धर्म विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांधा। शिप्रा पाठक ने प्रभु राम पर आधारित भजन प्रस्तुत किया और यशी बंसल ने भी अपनी प्रस्तुति से सराहना प्राप्त की।

मुख्य वक्ता नरेंद्र प्रबुद्ध ने अपने उद्बोधन में समाज में एकता, समरसता और संगठित रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज को जात-पात से ऊपर उठकर आपसी सद्भाव और कर्तव्यबोध के साथ आगे बढ़ना चाहिए। दिनेश अग्रवाल ने हिंदू और हिंदुत्व की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए धार्मिक ग्रंथों के महत्व को समझाया।

कार्यक्रम में काली माता मंदिर के महंत ब्रजेश गौड़, बरेली विकास मंच के संयोजक अजय अग्रवाल, शिव प्रकाश मिश्रा, नरेंद्र भटनागर, राम प्रकाश गुप्ता, अभिषेक मिश्रा सहित अनेक सामाजिक व धार्मिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में योगदान देने वाले व्यक्तियों को माल्यार्पण, शॉल ओढ़ाकर और बाबा भोलेनाथ का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सुदेश कुमार अग्रवाल ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन चंद्रप्रकाश गुप्ता ने दिया। वंदे मातरम् और भोज प्रसादी के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।

About Author

Related Articles

error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker