BareillyLatestSocial ViralUttar Pradesh

डेयरी किसानों के उत्पीड़न के विरोध में पदयात्रा का ऐलान, हवाई अड्डा गेट पर किसान एकता संघ का सांकेतिक धरना

बरेली। नैनीताल रोड स्थित हवाई अड्डा क्षेत्र में दुग्ध डेयरी किसानों के साथ कथित उत्पीड़न के विरोध में मंगलवार को किसान एकता संघ ने जोरदार प्रदर्शन किया। किसान नेता डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान हवाई अड्डा गेट पर राजेंद्र खलीफा की डेयरी पर एकत्र हुए और सांकेतिक धरना देकर टोल प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि भेदभावपूर्ण कार्रवाई बंद नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

धरने को संबोधित करते हुए डॉ. रवि नागर ने आरोप लगाया कि भोजीपुरा टोल प्लाजा के कर्मचारी अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल गरीब डेयरी किसानों को निशाना बना रहे हैं, जबकि अन्य स्थानों पर हो रहे अतिक्रमणों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने इसे प्रशासन का भेदभावपूर्ण और तानाशाही रवैया करार देते हुए कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए। यदि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करनी है तो एक छोर से निष्पक्ष और समान रूप से की जाए, न कि बीच से चुनिंदा किसानों को परेशान किया जाए।

डॉ. नागर ने बताया कि इस संबंध में किसान एकता संघ पहले ही सिटी मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा को ज्ञापन सौंप चुका है और टोल कर्मियों की हठधर्मिता पर रोक लगाने की मांग की जा चुकी है। इसके बावजूद कार्रवाई में बदलाव न होने पर किसानों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि डेयरी किसानों का उत्पीड़न नहीं रुका तो संगठन आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी टोल प्रशासन की होगी।

किसान एकता संघ ने बुधवार 11 फरवरी को प्रातः 11 बजे पदयात्रा निकालने की घोषणा की है। पदयात्रा के बाद टोल प्लाजा मैनेजर को ज्ञापन सौंपा जाएगा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग दोहराई जाएगी। धरने में प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा पं. राजेश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामपाल गुर्जर, मंडल अध्यक्ष बोहरन लाल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और एकजुटता का प्रदर्शन किया।

About Author

Related Articles

error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker