रोडवेज मार्केट में जर्जर दीवार से टिका बिजली का बॉक्स, हादसे की आशंका से दहशत में व्यापारी

बरेली। शहर के पुराने रोडवेज क्षेत्र स्थित कमल ऑप्टिकल्स के पास मार्केट में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। गौतम रेडियो की दुकान के समीप एक जर्जर दीवार के सहारे एंगल से टिका भारी बिजली का बॉक्स कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। खतरे की आशंका को देखते हुए आसपास के कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दी हैं।
दुकान मालिक सचिन गौतम के अनुसार संबंधित दीवार पूरी तरह कमजोर हो चुकी है और उसी पर बिजली का बॉक्स टिका हुआ है। हल्की हवा, कंपन या किसी छोटे झटके से भी दीवार ढह सकती है। ऐसी स्थिति में बिजली का बॉक्स नीचे गिरकर किसी राहगीर या दुकानदार को गंभीर रूप से घायल कर सकता है। बाजार क्षेत्र होने के कारण यहां दिनभर सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।
स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर बिजली विभाग को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। विभागीय उदासीनता से नाराज व्यापारियों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि प्रशासन के संज्ञान में मामला होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण करने तक नहीं पहुंचे।
मार्केट में स्थित खंडेलवाल इलेक्ट्रॉनिक्स, गुप्ता लाइट, चंदा रेडियो, सुधीर शर्मा, मोहम्मद फैजी सहित अन्य दुकानदारों ने भी चिंता व्यक्त की है। व्यापारियों का कहना है कि रोजाना बड़ी संख्या में ग्राहक और राहगीर इस रास्ते से गुजरते हैं, ऐसे में यह लापरवाही किसी बड़ी अनहोनी को न्योता दे रही है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर बिजली के बॉक्स को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए तथा जर्जर दीवार को हटाया जाए, ताकि संभावित हादसे से पहले ही प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



