वन टाइम टैक्स पर 25% पेनल्टी माफ, बरेली के वाहन मालिकों को बड़ी राहत

बरेली। वाहन मालिकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से वन टाइम टैक्स जमा न कर पाने के कारण परेशान वाहन स्वामियों को अब पेनल्टी में 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह निर्णय आरटीओ कार्यालय में आयोजित बैठक के बाद लिया गया, जहां वाहन मालिकों की समस्याएं सुनी गईं और समाधान पर चर्चा की गई।
आरटीओ पंकज सिंह ने बताया कि कई वाहन मालिक आर्थिक तंगी के चलते टैक्स जमा नहीं कर पा रहे थे। कुछ वाहनों पर एक से डेढ़ लाख रुपये तक की बकाया राशि हो चुकी थी, जिस पर पेनल्टी भी बढ़ती जा रही थी। ऐसे में वाहन मालिकों ने राहत की मांग की थी। बैठक के बाद शासन स्तर से निर्देश जारी हुए कि बकाया टैक्स पर लगने वाली पेनल्टी में 25 प्रतिशत की कमी की जाए, ताकि लोग आसानी से भुगतान कर सकें।

आरटीओ कार्यालय के अनुसार जिन वाहनों का टैक्स एक वर्ष या उससे अधिक समय से बकाया है, उनके मालिक अब किस्तों या चरणबद्ध तरीके से भी भुगतान कर सकेंगे। इससे एकमुश्त बड़ी रकम जमा करने का दबाव कम होगा और अधिक से अधिक लोग बकाया टैक्स जमा कर पाएंगे।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक बरेली में वाहन मालिकों पर करीब एक से डेढ़ करोड़ रुपये तक का वन टाइम टैक्स बकाया है। शासन का उद्देश्य है कि इस राहत योजना के जरिए राजस्व संग्रह बढ़ाया जाए और लंबित मामलों का निस्तारण किया जा सके। अधिकारियों ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर जल्द से जल्द बकाया टैक्स जमा करें।