BareillyLatestReligionUttar Pradesh

दरगाह आला हज़रत पर कश्मीर से आए 124 छात्रों ने दी हाज़िरी, अमन-शांति की मांगी दुआ

बरेली। गृह मंत्रालय और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में रोहिलखंड यूनिवर्सिटी पहुंचे जम्मू-कश्मीर के 124 छात्रों का दल शुक्रवार को विश्व विख्यात दरगाह आला हज़रत पर हाज़िरी देने पहुंचा। श्रीनगर, जम्मू, पहलगाम, लद्दाख, लेह और बारामूला सहित विभिन्न जिलों से आए छात्रों ने दरगाह परिसर का दौरा कर मुल्क में अमन-शांति और भाईचारे के लिए विशेष दुआ की।

दरगाह पहुंचने पर मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी, डॉ. हसन क़ादरी और समाजसेवी जहीर अहमद समेत अन्य लोगों ने फूलों से स्वागत किया। दल का नेतृत्व खेल मंत्रालय की डिप्टी डायरेक्टर पुष्पा सिंह, जिला युवा अधिकारी शाहजहांपुर मयंक भदौरिया, रोहिलखंड यूनिवर्सिटी के सुधांशु शर्मा, फर्रुखाबाद से शिखर रस्तोगी और समाजसेवी भूपेंद्र सिंह ने किया।

छात्रों ने दरगाह परिसर के साथ मदरसा मंजर-ए-इस्लाम, रज़ा मस्जिद और अफ्रीकी हॉस्टल का भी अवलोकन किया। कश्मीरी छात्र मसूद अहमद ने कहा कि बरेली सूफी संतों की नगरी है और भारत एक खूबसूरत गुलदस्ता है, जिसमें सभी धर्मों के लोग फूलों की तरह हैं। उन्होंने कहा कि सूफी संतों ने हमेशा अमन और इंसानियत का पैगाम दिया है, यहां आकर रूहानी सुकून मिला।

करीब एक घंटे तक दरगाह में प्रवास के दौरान छात्रों ने आला हज़रत की लिखी किताबें और बरेली का मशहूर सुरमा भी खरीदा। कार्यक्रम सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का संदेश देता नजर आया।

About Author

Related Articles

error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker